: विद्युत सम्बन्धी समस्याओं के लिए फोरम तैयार
Wed, Mar 27, 2024
बलिया: यूपीईआरसी (उपभोक्ता व्यथा निवारण फोरम) विनियमावली, 2022 के तहत विद्युत उपभोक्ताओ के व्यथा निवारण के लिए पूर्वाचल विद्युत वितरण निगम लि० वाराणसी के अधीनस्थ मण्डल स्तर पर फोरम का गठन किया गया है। इस फोरम की ई-मेल आईडी seballia2016@gmail.com व मोबाइल नंबर 8004932174 है। अधीक्षण अभियन्ता विद्युत वितरण मण्डल बलिया के कार्यालय में विद्युत उपभोक्ताओं के व्यथा निवारण हेतु यह फोरम क्रियाशील है, जहां किसी प्रकार की विद्युत समस्या के समाधान के लिए सम्पर्क कर सकते है।
: जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी ने की नोडल अधिकारियों के साथ बैठक
Tue, Mar 26, 2024
बलिया।भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप आगामी लोक सभा सामान्य निर्वाचन-2024 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने समस्त नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्त तैयारियों को ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त नोडल अधिकारियों से कहा सभी नोडल अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के अनुरूप ही अपने से संबंधित प्रकोष्ठ के कार्यों की कार्य योजना निर्धारित समय के अनुसार तैयार करते हुए उसे अंतिम रूप प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता/शिथिलता को बहुत ही गंभीरता से लिया जाएगा। सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, ताकि जनपद में आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को स्वतंत्र निष्पक्ष शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि समस्त नोडल अधिकारी चुनाव के दौरान प्राप्त होने वाले निर्देशों का शत शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मैनपावर मैनेजमेंट, ट्रांसपोर्ट , मतदान एवं मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण, एम.सी.एम.सी., निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण, स्वीप, कंट्रोल रूम, ईवीएम मैनेजमेंट, मॉडल बूथ, मीडिया एवं सोशल मीडिया, मतदेय स्थलों पर विवरण का अंकन/मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टी की व्यवस्था आदि का प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में नोडल अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिये।इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, एडीएम डीपी सिंह, सीआरओ त्रिभुवन, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रकांत द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
: शहीद दिवस पर जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय में हुआ संगोष्ठी का आयोजन
Sat, Mar 23, 2024
बलिया l जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता के संरक्षण में मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग द्वारा शहीद दिवस की पर क्रान्तिकारी राष्ट्रवाद प्रभाव और प्रासंगिकता विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का प्रारम्भ शहीद भगत सिंह , राजगुरु तथा सुखदेव के छाया चित्र पर निदेशक शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा सहित अन्य प्राध्यापकगण के पुष्पार्चन के साथ हुआ । संगोष्ठी के अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. पुष्पा मिश्रा ने क्रान्तिकारी आन्दोलन से छात्रों को त्याग सीखने की बात कही । छात्र कल्याण अधिष्ठाता और विभागाध्यक्ष अंग्रेजी विभाग डॉ. अजय चौबे ने छात्रों को अपने इतिहास से सीख लेकर बेहतर भविष्य बनाने का प्रयत्न करने का सुझाव दिया । राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ छबिलाल ने अपने व्याख्यान में भगत सिंह के व्यक्तित्व और उनके विचारों पर विस्तार से बात रखी । मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग के प्राध्यापक व संगोष्ठी के समन्वयक डॉ शैलेन्द्र कुमार सिंह ने अपने व्याख्यान में क्रान्तिकारी आन्दोलन के कारण , घटनाक्रम तथा प्रभाव और उसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से बात की । मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग के भूतपूर्व छात्र इंद्र प्रकाश सिंह , सुम्बुल फैज़ानी तथा द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा लक्ष्मी गुप्ता ने भगत सिंह के जीवन चरित पर अपने विचार साझा किए । कुलानुशासक व विभाग प्रभारी डॉ. प्रियंका सिंह ने छात्रों को अनुशासित रहकर राष्ट्रहित में प्रयास करने का सुझाव दिया साथ ही संगोष्ठी में उपस्थित परिसर के समस्त प्राध्यापकगण को धन्यवाद् भी ज्ञापित किया । कार्यक्रम का संचालन श्वेता वर्मा और स्वागत अश्वनी गुप्ता ने किया । संगोष्ठी में विश्विद्यालय परिसर के वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विनीत सिंह सहित डॉ. नीरज सिंह , डॉ. रजनी चौबे , डॉ. अनुराधा राय , डॉ. मनोज कुमार , डॉ. प्रवीण नाथ यादव , डॉ. लाल विजय सिंह ,डॉ. संजीव कुमार , डॉ. सौम्या तिवारी आदि तथा विभिन्न विभाग के विद्यार्थी और परिसर के तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे ।