:
Wed, Jul 31, 2024
बलिया। पुलिस अधीक्षक बलिया विक्रान्त वीर द्वारा अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले 02 उप निरीक्षकों को शॉल भेंट कर भावभीनी विदाई दी गयी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य व अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गयी ।
उल्लेखनीय है कि आज बलिया से उप निरीक्षक उदय राम तिवारी एवं उप निरीक्षक गिरीश कुमार राय ने अपनी सम्पूर्ण सेवाकाल के दौरान पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं लगन से कार्य करते हुए अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत हुए । पुलिस लाइन बलिया सभागार कक्ष में पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए उप निरीक्षकों के विदाई समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया । पुलिस अधीक्षक बलिया विक्रान्त वीर द्वारा विदाई समारोह में सम्मिलित होकर उप निरीक्षक द्वय उदय राम तिवारी एवं उप निरीक्षक गिरीश कुमार राय को उपहार, स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति-पत्र देकर उनके आगामी सुखमय व समृद्ध जीवन की कामना कर शुभकामनाओं सहित विदाई दी गयी । इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारीगण द्वारा भी सेवानिवृत हुए उप निरीक्षक को अपनी शुभकामनायें दी गई ।
: जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण
Wed, Jul 31, 2024
बलियाः जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार व पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बुधवार को जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारी द्वय ने जेल के बैरक, अस्पताल, किचन आदि को देखा और जेलर को वहां की व्यवस्था सम्बन्धी जरूरी दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान जेल अस्पताल में हौमियोपैथ के डॉ विमलेश कुमार ड्यूटी से नदारद मिले, जिस पर उनका स्पष्टीकरण तलब किया है।जिलाधिकारी ने कहा कि जेल किचन में और बेहतर साफ-सफाई की आवश्यकता है। कैदियों को दिये जाने वाले भोजन मीनू के अनुसार हो और उसकी गुणवत्ता अच्छी हो। इसमें अगर शिकायत मिली तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा। जिलाधिकारी कैदियों से भी बातचीत कर आश्वस्त हुए कि उनकी कोई समस्या तो नहीं ! इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्रकांत द्विवेदी साथ थे।
: जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय को मिली पंचवर्षीय विधि स्नातक की मान्यता
Wed, Jul 31, 2024
बलिया । जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय अपने स्थापना काल से ही नित नूतन अकादमिक उपलब्धियाँ अर्जित कर रहा है। इसी कड़ी में विवि को एक और उपलब्धि प्राप्त हुई है, बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बी.सी.आई.), नई दिल्ली से जेएनसीयू को पाँच वर्षीय विधि पाठ्यक्रम की मान्यता प्राप्त हो गयी है। इंटरमीडिएट या समकक्ष उत्तीर्ण विद्यार्थी इस पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकता है। कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि बी.ए.- एल.एल.बी. (आनर्स) के इस 5 वर्ष के पाठ्यक्रम के अध्ययन से विद्यार्थी को एक वर्ष के समय की बचत होगी तथा रोजगार के कई अवसर प्राप्त होंगे। इंटरमीडिएट के बाद विद्यार्थी को विधि स्नातक करने में बी.ए.- 3 वर्ष और एल.एल.बी.- 3 वर्ष, कुल 6 वर्ष लगा करते थे। अब विद्यार्थी इंटरमीडिएट के तुरंत बाद ही विधि के क्षेत्र में अपना कैरियर बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकता है। बलिया और निकटवर्ती जनपदों में यह पाठ्यक्रम कहीं उपलब्ध न होने के कारण विद्यार्थियों को इस पाठ्यक्रम में पढ़ने के लिए दूर जाना होता था, जिससे अभिभावकों के ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था। जनपद में यह पढ़ाई उपलब्ध हो जाने से अब विद्यार्थियों को घर रहकर अध्ययन करने की सुविधा मिल जाएगी और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ेगा। बी.सी.आई. से मान्यता मिलने के बाद विवि में इसी सत्र से इस पाठ्यक्रम की कुल 120 सीटों पर मेरिट के आधार पर प्रवेश लिया जाएगा। अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने पर प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। उक्त पाठ्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर जाकर यथाशीघ्र अपना रजिस्ट्रेशन करा लें।