सी एम डैसबोर्ड में खराब रैंकिंग पर फटकार,रैंकिंग में सुधार के निर्देश : आधुनिक बस अड्डा के निर्माण में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी रुष्ट,तेजी लाने के निर्देश
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की। इस दौरान विभिन्न विभागों की रैंकिंग और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए खराब प्रदर्शन वाले विभागों के अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग ईमानदारी और पूरी मेहनत से कार्य करें, तभी जनपद की रैंकिंग में सुधार होगा और बलिया बेहतर प्रदर्शन कर सकेगा। समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी की रैंकिंग सी और जननी सुरक्षा योजना की रैंकिंग डी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रभावी निगरानी करते हुए रैंकिंग में सुधार लाया जाए। पोषण अभियान की रैंकिंग भी कम पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर रैंकिंग ए श्रेणी में लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन कार्यदायी संस्थाओं की भौतिक प्रगति खराब है, उनके एक्सईएन को बुलाकर जवाबदेही तय की जाए। राज्य सेतु निगम की प्रगति खराब होने पर उन्होंने भौतिक प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। पुलिस आवास निगम लिमिटेड के निर्माण कार्यों की प्रगति भी संतोषजनक नहीं मिलने पर कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया।साथ ही समीक्षा बैठक में नलकूप विभाग के एक्सईएन बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उनका वेतन काटने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान बलिया-गाजीपुर से तुर्तीपार मार्ग के चैनेज के मध्य फोरलेन चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण के निर्माण कार्य को ससमय पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, नगर क्षेत्र के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराने को कहा गया। बलिया में प्रस्तावित आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी देते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जाए और जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, उनमें तत्काल सुधार किया जाए।
बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
विज्ञापन
