कार्तिक पूर्णिमा पर जिलाधिकारी ने की बैठक,सेक्टर व जोनल मैजिस्ट्रेट : की होगी तैनाती,चप्पे- चप्पे पर प्रशासन की नजर,गगां घाटों पर होगी बैरीकेटिंग
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में स्नान पर्व की सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 23 और 24 नवंबर 2026 को होने वाले मुख्य स्नान पर्व के मद्देनजर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
कार्तिक पूर्णिमा पर बलिया के गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु श्रीरामपुर घाट और महावीर घाट पर गंगा स्नान करने के साथ ही महर्षि भृगु मुनि, उनके शिष्य दर्दर मुनि तथा बालेश्वर बाबा के दर्शन-पूजन करेंगे। मुख्य स्नान के बाद भृगु मंदिर और बालेश्वर मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इनमें भृगु मंदिर पर विशेष रूप से अधिक भीड़ रहने की संभावना है। प्रशासन के अनुसार स्नान पर्व से एक दिन पहले ही नगर के घाटों पर महिला, पुरुष और बच्चों का पहुंचना शुरू हो जाता है। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशनों पर भी यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। वहीं ऐतिहासिक ददरी मेला क्षेत्र में मीना बाजार के साथ सर्कस, नौटंकी और आर्केस्ट्रा जैसे आयोजन भी होंगे। ऐसे में पूरे नगर क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि श्रद्धालुओं को निर्धारित घाटों और बैरिकेडिंग के भीतर ही स्नान कराया जाए। खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां स्नान प्रतिबंधित किया जाए। नदी में लगाई गई बैरिकेडिंग और रस्सियों की मुख्य स्नान से एक दिन पहले जांच कर ली जाए। किसी भी श्रद्धालु को निर्धारित व्यवस्था से हटकर दूसरे घाट पर स्नान करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की होगी। मेला क्षेत्र में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट और अधिकारी जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित करेंगे। लोगों को सड़क के बायीं ओर और किनारे से चलने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि एक स्थान पर भीड़ एकत्र न हो। नगर के बाहर माल्देपुर मोड़, कदम चौराहा, तिखमपुर और बहादुरपुर में अस्थायी पार्किंग एवं बस स्टैंड बनाए जाएंगे। रेलवे लाइन के दक्षिणी हिस्से में यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी एआरटीओ प्रशासन और उत्तरी हिस्से में एआरटीओ प्रवर्तन को दी गई है। परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को भी इस कार्य में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। मेला क्षेत्र, स्नान घाटों और वहां तक जाने वाले मार्गों पर छेड़छाड़, पर्स चोरी, चेन स्नेचिंग, मारपीट और जहरखुरानी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। गंगा घाटों के उत्तर दिशा में पेट्रोलिंग कर भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। स्नान के बाद भृगु मंदिर और बलिया रेलवे स्टेशन पर भी अधिकारियों की तैनाती रहेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि मुख्य गंगा स्नान घाट, हनुमान मंदिर के नीम के पेड़ और महावीर घाट पर पर्याप्त चिकित्सकों, मेडिकल टीम, जीवनरक्षक दवाओं और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। नगर पालिका को स्नान मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को स्नान मार्गों का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, जल निगम को पेयजल व्यवस्था तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को स्नान मार्गों, घाटों और मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट 23 नवंबर की दोपहर से 24 नवंबर को मुख्य स्नान समाप्त होने तक अपने निर्धारित तैनाती स्थलों पर मौजूद रहेंगे। उन्हें मुख्य स्नान से एक दिन पहले ही पहुंचकर घाटों, स्नान मार्गों, बैरिकेडिंग, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा गया है। जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में गंगा और घाघरा नदी के घाटों पर राजस्व कर्मियों, लेखपालों और कानूनगो की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित तहसीलदारों को भी अपने क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार बनाया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अप्रिय घटना या समस्या की सूचना तत्काल संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार को संपूर्ण शांति एवं कानून व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है। प्रशासन का लक्ष्य कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन जी, डीडीओ आनंद प्रकाश एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
विज्ञापन
