गंगापुर बन्धे को बचाने के लिए जिलाधिकारी पहुंचे : जिलाधिकारी ने बैरिया का किया औचक निरीक्षण
बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने शनिवार को तहसील बैरिया क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आदर्श नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण करते हुए कार्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को नियमित और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को बेहतर और स्वच्छ वातावरण मिल सके। इसके बाद जिलाधिकारी ने गंगा नदी के कटान से बचाव के लिए गंगापुर में बनाए गए रिंग बांध का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर बाढ़ के पानी से होने वाले संभावित कटान से बचाव के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान रिंग बांध पर कटान रोकने के लिए बोरियों में बालू भरकर रखने का कार्य किया जा रहा था। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बचाव कार्य की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ के दौरान कटान की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कदम उठाए जा सकें। जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से संबंधित अधिकारियों में सक्रियता दिखाई दी। उन्होंने क्षेत्र में बाढ़ और कटान की स्थिति को देखते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने पर जोर दिया।
विज्ञापन
