राज्य आपदा प्रबन्धन एवं यूएनडीपी की टीम ने किया बाढ़ क्षेत्र का दौरा : टीम ने कटान रोधी कार्यो के बारे में लिया विस्तृत जानकारी, बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था और राहत बचाव की ली जानकारी
बलिया। जनपद बलिया में बाढ़ से बचाव हेतु की गई तैयारी के दृष्टिगत आपदा कंट्रोल रूम, बाढ़ राहत शिविर, ग्राम पंचायत गोपालपुर के दुबेछपरा में चल रहे कटानरोधी कार्यों और बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों का शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने तहसील बांसडीह में भी कटान स्थल का बारीकी से जायजा लेते हुए निर्माण कार्य की प्रगति, बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था और राहत-बचाव की तैयारियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर प्रवीण किशोर, प्रोजेक्ट एक्सपर्ट मानवेंद्र प्रताप सिंह तथा यूएनडीपी के पॉलिसी एनालिस्ट डॉ. सैयद मोहम्मद इमरान ने अधिशासी अभियंता संजय कुमार मिश्र से कटानरोधी कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने मौके पर लगाए गए मानचित्र के माध्यम से कटान से पूर्व और वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया तथा अब तक कराए गए कार्यों की समीक्षा की। जिला आपदा कंट्रोल के क्रिया कलापों एवं तैयारी का बारीकी से टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक भी जिलाधिकारी के साथ की, जिसमें जनपद में बाढ़ से बचाव हेतु की गई तैयारी के बारे में विस्तृत समीक्षा की गई। टीम दुबेछपरा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित बाढ़ चौकी पहुंची। यहां चिकित्साधिकारी डॉ. बलवंत सिंह से बाढ़ की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और आपातकालीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। टीम ने मौके पर मौजूद पशु चिकित्सा विभाग, एनडीआरएफ ,पीएसी समेत अन्य संबंधितविभागों के अधिकारियों से भी बाढ़ प्रबंधन और आपसी समन्वय को लेकर चर्चा की। संयुक्त टीम ने जनपद में स्थापित बाढ़ शरणालयों एवं मॉडल बाढ़ शरणालय का भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान राहत किट के सैंपल की गुणवत्ता और उपलब्धता का जायजा लेने के साथ ही राहत एवं बचाव दलों की वर्तमान तैनाती की स्थिति की जानकारी ली गई। टीम ने बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण कर वहां बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों और अब तक की गई कार्रवाई का भी निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें, ताकि प्रभावित लोगों को समय से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व अनिल कुमार ,अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड संजय मिश्रा, उप जिलाधिकारी पुष्कर मिश्रा, आपदा विशेषज्ञ पीयूष सिंह सहायक अभियंता मोहित गुप्ता, प्रभारी तहसीलदार/ डिप्टी कलेक्टर धर्मेंद्र कुमार, तहसीलदार अतुल हर्ष, तहसीलदार नितिन सिंह,राजस्व विभाग की टीम, पशुपालन एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
