बेसिक शिक्षा परिषद के तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों में : सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी परिषदीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों में बर्तनों के खरीद का ब्यौरा उपलब्ध कराएं
Ajay Mishra
Tue, Apr 29, 2025
किचन उपकरण खरीद का ब्यौरा दें
सभी बीईओ, नहीं तो कार्रवाई तय
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने दिया सभी खंड शिक्षा अधिकारी को तीन दिन का अल्टीमेटम, ब्यौरा उपलब्ध नहीं कराने पर माना जाएगा धन का अपव्यय
बलिया। 29 अप्रैल। (डी एन एन) सरकार की महत्वकांक्षी योजना अंतर्गत मिड डे मील के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में किचेन उपकरण मद में प्रेषित धनराशि का उपभोग प्रमाण पत्र न देने वाले प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापकों पर कार्रवाई करने की चेतावनी देते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि तीन कार्यदिवस के अंदर विद्यालयवार उपभोग प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया तो उक्त धनराशि का वित्तीय दुरुपयोग मानते हुए खंड शिक्षा अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया जायेगा।
बीएसए ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में किचेन उपकरण मद में छात्र संख्या 1 से 50 तक 10 हजार, 51 से 150 तक 15 हजार, 151 से 250 तक 20 हजार तथा 251 से अधिक पर 25 हजार की धनराशि विद्यालयवार प्रेषित की गयी थी। प्रेषित धनराशि के सापेक्ष बर्तन सामग्री क्रय करते हुए उपभोग प्रमाण पत्र विद्यालयवार फोटोग्राफ सहित 7 कार्य दिवस में अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था, परंतु उपभोग प्रमाण पत्र एवं फोटोग्राफ अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारियों को प्रेषित पत्र में बीएसए ने कहा है उक्त कार्य में शिथिलता बरते जाने के कारण विद्यालयों में प्रेषित धनराशि के अपव्यय की संभावना है। शिथिल कार्यशैली के कारण मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन बर्तन के अभाव में सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रहा है।
उल्लेखनीय की सरकार द्वारा पढ़ाई लिखाई पर पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है मगर कुछ जिम्मेदार प्रधानाध्यापक बच्चों के हिस्से का दुध, कभी रंगाई पुताई सहित अन्य मदों में पैसा का आहरण कर काम नहीं करा रहे हैं।
विज्ञापन
