मऊ जिला कारागार का डी जे,डी एम और एस पी ने किया निरीक्षण : बलिया के जिलाजज,जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने म ऊ जिला कारागार का किया निरीक्षण,व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बलिया। जनपद बलिया के माननीय जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार झा, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह ने मंगलवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार मऊ का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) नवनीत कश्यप एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बलिया के बंदियों की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, चिकित्सीय सुविधाओं, बैरकों की व्यवस्था, रसोईघर, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था तथा अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और शिकायतों की जानकारी भी प्राप्त की।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान दवाइयों की उपलब्धता, उपचार व्यवस्था और चिकित्सकीय सुविधाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।संयुक्त निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन और समग्र प्रशासनिक व्यवस्था का भी मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को स्वच्छता, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने जिला कारागार मऊ के जेल अधीक्षक आनंद कुमार शुक्ला को व्यवस्थाओं में और सुधार लाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए, ताकि बंदियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें तथा कारागार की व्यवस्थाएं और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बन सकें।
विज्ञापन
