सिकन्दरपुर में निकलने वाले महावीरी झण्डा जुलूस के लिए जिला प्रशासन की : तैयारी पूरी,जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन की बड़ी प्रेस ब्रीफिंग,जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन हाई एलर्ट पर,1500 जवान सेक्टर
जुलूस मार्ग पर रहेगा शटडाउन, मेडिकल टीम और तकनीकी कर्मी भी रहेंगे तैनात
"महावीरी झंडा जुलूस के दौरान हर सेक्टर में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी, डीआईजी ने दिए निर्देश"
बलिया। महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को तहसील सिकंदरपुर स्थित तुलसी पैलेस में पुलिस ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग में डीआईजी सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह तथा पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जनपद के सभी थानाध्यक्षों एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि जुलूस समाप्त होने तक सभी सेक्टर, थाना सेक्टर एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपने-अपने स्थानों पर पूरी सतर्कता के साथ मौजूद रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि महावीरी झंडा जुलूस को हर हाल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परंपरा के अनुसार जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकलेगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शाम करीब पांच बजे 24 अखाड़ों के जुलूस निकलेंगे। जुलूस की निगरानी के लिए 15 ड्रोन और लगभग 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में दो अपर पुलिस अधीक्षक, 10 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 55 इंस्पेक्टर, 210 उपनिरीक्षक (एसआई), 1150 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल, 55 महिला आरक्षी, 28 यातायात पुलिसकर्मी, एक प्लाटून पीएसी तथा 90 होमगार्ड तैनात रहेंगे। नगर के सात प्रमुख स्थानों—गांधी मोहल्ला, आनंदी चौक, भीखुपुरा, मिल्की मोहल्ला, लद्दू चौक, डोमनपुरा सहित अन्य स्थानों पर बैरिकेडिंग कर विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बैठक के दौरान अधिकारियों ने कुछ अखाड़ों के बीच चल रहे पुराने विवादों का भी समाधान कराया और सभी आयोजकों से सौहार्द एवं आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां ड्यूटी लगाई गई है, वहां समय से पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने विद्युत विभाग को जुलूस मार्ग पर आवश्यकतानुसार बिजली आपूर्ति बंद (शटडाउन) रखने के निर्देश दिए। साथ ही जनरेटर वाले स्थानों पर तकनीकी कर्मियों की तैनाती, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि जुलूस में कोई भी व्यक्ति शराब के नशे में शामिल न हो। डीजे संचालकों को ध्वनि संबंधी नियमों का पालन करने तथा उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप तेज आवाज में डीजे नहीं बजाने की हिदायत दी गई। उन्होंने सभी अधिकारियों से जुलूस आयोजकों के नाम और मोबाइल नंबर अपने पास रखने तथा सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महावीरी झंडा जुलूस को पूरी सुरक्षा, सतर्कता और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।
विज्ञापन
