जनपद में 54 मतदेय स्थलों के भवन 21 से 25 अक्टूबर तक अधिग्रहित रहेगें : शिक्षक और स्नातक निर्वाचन की तैयारी में हुआ अधिग्रहण
Ajay Mishra
Mon, Oct 12, 2026
बलिया। आगामी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने जनपद में मतदेय स्थलों के लिए भवनों के अधिग्रहण का आदेश जारी किया है। जिला मजिस्ट्रेट ज्ञानेन्द्र सिंह ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 160 के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए स्नातक निर्वाचन के 34 और शिक्षक निर्वाचन के 20 मतदेय स्थलों सहित कुल 54 मतदेय स्थलों के लिए निर्धारित भवनों को 21 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक अधिग्रहित किया है।
जारी आदेश के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग से अनुमोदित मतदेय स्थलों की सूची में शामिल भवनों के साथ उनके संपूर्ण परिसर, क्षेत्र और फर्नीचर आदि को भी अधिग्रहण में शामिल किया गया है। इन भवनों का उपयोग मतदान संबंधी कार्यों के संचालन के साथ-साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात अधिकारियों और मतदान कार्मिकों के ठहरने के लिए किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित भवनों के प्रभारी एवं स्वामियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इसके तहत जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के कुलसचिव, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और नगर शिक्षा अधिकारी को अपने-अपने अधीन आने वाले भवनों, परिसर एवं फर्नीचर आदि को संबंधित तहसीलदार द्वारा भेजे जाने वाले तहसील कर्मचारी को 21 अक्टूबर 2026 को सुपुर्द करना होगा। प्रशासन की ओर से भवनों को निर्धारित तिथि पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतदेय स्थलों के निर्माण और मतदान से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा किया जा सके।
------------------------------------------------------------------
बलिया में निर्वाचन तैयारियां तेज, प्रेक्षकों के लिए लाइजन अफसर नियुक्त
दो अधिकारियों को मिली लाइजन अफसर की जिम्मेदारी
बलिया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकों के साथ संपर्क और समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने लाइजन अफसरों की नियुक्ति की है।
जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रेक्षक श्री गौरी शंकर प्रियदर्शी, आईएएस के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए राजेश कुमार मिश्रा, एआरओ बांसडीह (जिला पूर्ति कार्यालय, बलिया) को लाइजन अफसर नामित किया गया है। उनके मोबाइल नंबर 7007172381 और 9214413010 दिए गए हैं। वहीं, वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रेक्षक श्री प्रांजल यादव, आईएएस के साथ संपर्क एवं समन्वय की जिम्मेदारी विमलेश यादव, आबकारी निरीक्षक, बांसडीह को सौंपी गई है। उनका मोबाइल नंबर 6396388725 और 9214408164 आदेश में दर्ज है।
आदेश में कहा गया है कि दोनों लाइजन अफसर प्रेक्षकों के जनपद आगमन के दौरान उनके साथ आवश्यक संपर्क और समन्वय स्थापित करते हुए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएंगे। प्रेक्षकों के बलिया आगमन की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारियों को अलग से अवगत कराया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
विज्ञापन
