: सुचिता व कड़ाई से होगी परीक्षा,छोटी गलती भी क्षम्य नहीं-जिलाधिकारी
Wed, Feb 7, 2024
बलियाः समीक्षा अधिकारी (आरओ)व सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) की परीक्षा कुशलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने सभी स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट,केंद्र व्यवस्थापक व सहायक केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा की जो नियम-शर्तें हैं, उनके अनुरूप ही परीक्षा कराएंगे। सचेत किया कि किसी भी स्तर पर छोटी से छोटी गलती भी अक्षम्य होगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी संज्ञान में आई तो व्यक्तिगत रूप से जवाबदेही तय करते हुए जिम्मेदार पर बड़ी कार्रवाई होगी। अपर जिलाधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने परीक्षा प्रारंभ होने से लेकर और समाप्ति तक के सभी बिंदुओं के बारे में बैठक में शामिल सभी को अवगत कराया। बताया कि जनपद में 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बैठक में शामिल यूपी लोक सेवा आयोग के समन्वयक एवं पर्यवेक्षक ने भी परीक्षा संबंधी जानकारी दी। इसके लिए आयोग ने तीन लोगों को नियुक्त किया है।कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षाओं का दौर अब शुरू हो गया है। आरओ-एआरओ के बाद पुलिस भर्ती, बोर्ड परीक्षा और फिर पीसीएस की परीक्षा होनी है। परीक्षा कराना संवेदनशील व महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए सभी स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक व केन्द्र सहायक पहले ही यह देख लें कि किसी भी केंद्र पर कोई कमी न रह जाए। कमरों में दोनों तरफ से सीसीटीवी कैमरा, डिस्प्ले बोर्ड, रिकार्डिंग व वेबकाॅस्टिंग की व्यवस्था पूरी तरह सही हो। परीक्षार्थियों की सीटिंग व्यवस्था भी देख लेंगे। इसके अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी इन निर्देशों का अनुपालन अपने स्तर से भी सुनिश्चित कराएंगे।जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मानवीय त्रुटि, लिपिकीय त्रुटि जैसी चीज परीक्षा में नहीं होनी चाहिए, ऐसी लापरवाही व शिथिलता बरतने वाले कर्मचारी/ अधिकारी/अध्यापक /प्रधानाचार्य पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही सभी को लोक सेवा आयोग के दिशा निर्देशों को पढ़ने और उसका शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कहा कि कलेक्ट्रेट में एक कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी, यहां के नोडल सीआरओ होंगे, उनके साथ कुछ अन्य अधिकारी एवं माध्यमिक शिक्षा के अध्यापक भी मौजूद रहेंगे। कहा कि आयोग के द्वारा परीक्षा को शान्तिपूर्ण एवं सुचितापूर्ण संपन्न कराने हेतु परीक्षा से आधे घंटे पहले और परीक्षा के आधे घंटे बाद तक जैमर का इस्तेमाल किया जाएगा।बैठक में एसपी देव रंजन वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी और साफ शब्दों में सभी को सचेत किया कि इन परीक्षाओं पर पुलिस की भी पैनी नजर रहेगी,स्पेशल सेल एक्टिव रहेगा, इसलिए इन परीक्षाओं की संवेदनशीलता को समझते हुए आप में से कोई भी किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतेगा। संलिप्तता और गड़बड़ी की स्थिति में पुलिसिया कार्रवाई भी निष्पक्ष होगी और परीक्षा केंद्र से सीधे जेल भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रकांत द्विवेदी, परियोजना निदेशक उमेश मणि त्रिपाठी, बीएसए मनीष सिंह,डीएसओ रामजतन यादव सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।
बोर्ड की इंटरमीडिएट व हाई स्कूल की बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी ने गंगा बहुउद्देशीय सभागार में जोनल, स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक एवं सहायक केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश सिंह और अतुल तिवारी ने बोर्ड परीक्षा से संबंधित सभी बिंदुओं के बारे में उपस्थित लोगों( नियुक्त मजिस्ट्रेट और व्यवस्थापक) को अवगत कराया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बोर्ड परीक्षा से संबंधित यह महत्वपूर्ण बैठक है, इन परीक्षाओं में दिन प्रतिदिन संवेदनशीलता बढ़ती जा रही है, जिसके तहत यूपी बोर्ड भी नए-नए निर्देश जारी कर रहा है।इस बैठक का उद्देश्य उन्हीं निर्देशों के अनुपालन के संबंध में है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले तक स्कूलों) कॉलेज में शौचालय, पीने के पानी और साफ सफाई सहित सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डिंग, स्ट्रांग रूम ,पुस्तिकाओं का रख रखाव संबंधित सारी व्यवस्थाएं यूपी बोर्ड द्वारा निर्धारित निर्देशों के अनुसार पूर्ण हो जानी चाहिए। कहा कि जिनको जो जिम्मेदारी दी गई है वे उसका सकुशलतापूर्वक निर्वहन करना सुनिश्चित करें।
: जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय में मनाया गया विश्व हिन्दी दिवस
Wed, Jan 10, 2024
बलिया। विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर कुलपति प्रो.संजीत कुमार गुप्ता के संरक्षण में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में एक ऑनलाइन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। ‘हिंदी का वैश्विक स्वरूप एवं भविष्य की संभावनाएं’ विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी के मुख्य वक्ता डॉ.पंकज कुमार चौधरी, महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर, बिहार ने कहा कि हिंदी का विकास लोकतान्त्रिक तरीके से हुआ है। हिंदी का स्वरुप हमेशा से लोकतान्त्रिक रहा है, हिंदी की प्रवृत्ति कभी भी साम्राज्यवादी नहीं रही। इस भाषा को किसी पर थोपा नही गया बल्कि लोक के द्वारा ही इसका सतत विकास हुआ है। हिंदी ने पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक की यात्रा लोक के माध्यम से की और आज हिंदी का फलक विश्वव्यापी हो गया है। कुलपति प्रो.संजीत कुमार गुप्ता ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि अपनी भाषा का विकास राष्ट्र के विकास के लिए महत्त्वपूर्ण होता है। हमें अपनी भाषा को अपनाकर अपनी संस्कृति और परम्परा के ज्ञान को आगे बढ़ाना चाहिए। पश्चिमी संस्कृति अलग प्रकार की है, हमारी संस्कृति और मूल्य हमारी भाषा में ही सुरक्षित रह सकते हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति मातृभाषा को बढ़ावा दे रही है। हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व करना चाहिए और उसका अपने दैनिक जीवन में प्रयोग करना चाहिए। कुलपति ने सभी को ‘विश्व हिंदी दिवस’ की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के प्रभारी डॉ. संदीप यादव ने तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अभिषेक मिश्र ने किया। इस अवसर पर डॉ. प्रवीण नाथ यादव, डॉ. नीरज कुमार सिंह, डॉ. संजीव कुमार, डॉ.गुंजन कुमार, डॉ. रूबी, डा प्रमोद शंकर पाण्डेय आदि प्राध्यापक एवं विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे ।
: शिक्षामित्र गोपाल जी सिंह को दी ग ई श्रद्धांजलि
Mon, Oct 16, 2023
बलिया।शिक्षाक्षेत्र बेलहरी के प्राथमिक विद्यालय राजपुर पर तैनात शिक्षामित्र गोपाल जी सिंह का इलाज के दौरान गत दिनों निधन हो गया था।हल्दी स्थित बी आर सी बेलहरी पर एक शोक सभा आयोजित कर शिक्षामित्रों और शिक्षकों द्वारा दिवंगत गोपाल जी सिंह को सभी ने अपनी ओर से श्रद्धासुमन अर्पित किया और अंत में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित किया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कमसेकम 500 रुपये का सहयोग सभी शिक्षक और शिक्षामित्र करेंगे।यह सहयोगराशि अजय चौबे के क्यूआर कोड पर भी भेंजा जा सकता है। बैठक में बेलहरी ब्लाक शिक्षामित्र संघ के अध्यक्ष मंजूर,उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ बेलहरी के मंत्री शशि कान्त ओझा,बृज किशोर पाठक,दिवंगत शिक्षा मित्र गोपाल जी सिंह के ईंचार्ज प्रधानाध्यापक अजय चौबे, अनुज सिंह आदि बहुत सारे शिक्षक और शिक्षमित्र श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित रहे।