वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन के लिए सपा ने कसी कमर : जीत की रणनीति पर समाजवादी पार्टी कार्यालय में हुआ मंथन
Ajay Mishra
Mon, Sep 7, 2026
बलिया। वाराणसी खंड स्नातक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र में आगामी माह होने वाले चुनाव में सफलता हासिल करने के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को पार्टी के जिला कार्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक में चुनाव की तैयारियों को लेकर एक-एक बिंदु पर गहन मंथन किया गया तथा संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय कर चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने की रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए वाराणसी खंड से वर्तमान विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कहा कि विधान परिषद से लेकर सड़क तक उन्होंने युवाओं, छात्रों, अध्यापकों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों सहित समाज के सभी वर्गों के मुद्दों पर लगातार आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का जो कर्तव्य होता है, उसे पूरी तन्मयता और निष्ठा के साथ निभाने का उन्होंने प्रयास किया है और आगे भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि विधान परिषद में जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाना और सड़क पर संघर्ष करना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी मजबूती के साथ जुटने तथा अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने का आह्वान किया।
बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि यह चुनाव केवल किसी व्यक्ति के निर्वाचन का चुनाव नहीं, बल्कि युवाओं, छात्रों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों की आवाज को मजबूत करने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मतदाताओं के बीच जाएं और पार्टी की नीतियों तथा जनहित में किए गए संघर्षों को जनता तक पहुंचाएं। संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर समाजवादी पार्टी इस चुनाव में मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।
बैठक में चुनाव को लेकर मतदाता संपर्क अभियान को तेज करने, संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने तथा प्रत्येक क्षेत्र में प्रभावी जनसंपर्क अभियान चलाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।
बैठक में डा.विश्राम यादव, यशपाल सिंह, आद्या शंकर यादव रंजीत चौधरी,अरविन्द गिरी, सुशील पाण्डेय कान्हजी, रामजी गुप्ता,चंद्रशेखर सिंह, विजय शंकर यादव,शशिकांत चतुर्वेदी, संतोष गर्ग,राजन कन्नौजिया,रामेश्वर पासवान,रविन्द्र यादव,जमाल आलम, अनिल राय,जुबेर सोनू, दशरथ यादव,रामनाथ पटेल सुरेश यादव, विनय गौड़,धनजी यादव सर्वजीत यादव, सुभाष यादव सहित समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव और संचालन महासचिव बीरबल राम ने किया।
विज्ञापन
