: डां दिनेश चन्द्र शर्मा और शासन के बीच वार्ता में लगभग सभी मांगों पर सहमति बनी
Fri, Nov 10, 2023
लखनऊ।उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ एवं उत्तर प्रदेश शासन के मध्य शिक्षकों की मांगों पर 30 अक्टूबर, 2023 को प्रथम चरण की वार्ता के बाद दिनांक 9 नवंबर 2023 को दूसरे चरण की वार्ता संपन्न हुई। शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष डॉ दिनेश चंद्र शर्मा ने बताया कि दिनांक 30 अक्टूबर, 2023 को बेसिक शिक्षकों की 12 मांगों पर चर्चा हुई थी जबकि 9 मांगों पर चर्चा नहीं हो सकी थी। आज संपन्न हुई वार्ता में अवशेष 9 मांगों पर चर्चा हुई एवं निर्णय लिया गया।
डॉ दिनेश चंद्र शर्मा ने बताया कि आज की वार्ता में 4200 ग्रेड वेतन वाले शिक्षकों को पदोन्नति पर 4800 ग्रेड वेतन देने संबंधी प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजने, राज्य कर्मचारियों की भांति दिव्यांग शिक्षकों को भी वाहन भत्ता देने, मृतक शिक्षकों के आश्रितों को बी0टी0सी0/ डी0एल0एड0 की सीटों में 5 प्रतिशत कोटा देने, प्रत्येक विद्यालय में एक सफाई कर्मचारी नियुक्त करने तथा जो बी0एड0 धारी शिक्षक नियुक्त हो गए हैं उनको ब्रिज कोर्स कराने पर सहमति बनी, उक्त के अतिरिक्त प्रमुख सचिव ने गैर शैक्षणिक कार्यो में लगे हुए शिक्षकों को धीरे-धीरे हटाने पर भी सहमति व्यक्त की।
डॉक्टर शर्मा ने बताया कि वार्ता में प्रमुख सचिव एम0के0एस0 सुंदरम का शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के प्रति दृष्टिकोण प्रशंसनीय रहा। पूर्व की वार्ता में बेसिक शिक्षकों की पदोन्नति 8 नवंबर, 2023 तक करने का विभाग ने आश्वासन दिया था, जिस पर पदोन्नति न होने की शिकायत महासंघ के प्रतिनिधि मण्डल ने जब प्रमुख सचिव से की, तब प्रमुख सचिव ने पदोन्नति न होने पर अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों का उत्तरदायित्व निर्धारण करते हुए 22 नवंबर तक अनिवार्य रूप से पदोन्नति करने का आदेश दिया. प्रमुख सचिव ने महासंघ के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया की पूर्व में संपन्न वार्ता में लिए गए निर्णय पर शीघ्र ही कार्यवाही कर महासंघ को अवगत कराया जाएगा।एक अप्रैल 2005 से पूर्व चयनित शिक्षकों को पुरानी पेंशन प्रणाली में सम्मिलित करने हेतु संघ प्रतिनिधिमण्डल शीघ्र ही मा मुख्य मंत्री से भेंट करेगा ।
वार्ता में महासंघ की ओर से ध्रुव कुमार त्रिपाठी एमएलसी एवं नेता शिक्षक दल, सुरेश कुमार त्रिपाठी पूर्व एमएलसी एवं संयोजक शिक्षक महासंघ, संजय सिंह महामंत्री उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, शिव शंकर पांडे कोषाध्यक्ष उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, राधे रमण त्रिपाठी वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं विभाग की ओर से विजय किरन आनंद महानिदेशक स्कूल शिक्षा, प्रताप सिंह बघेल सचिव उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, गणेश कुमार संयुक्त शिक्षक निदेशक उपस्थित रहे।
: सोहांव,गड़वार,मनियर,बेरुआरबारी और नवानगर ब्लाक के प्रा०शिक्षक संघ का चुनाव सम्पन्न
Sun, Nov 5, 2023
बलिया।उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद बलिया के क्षेत्रीय इकाईयों के चुनाव के प्रथम चरण में शनिवार को पांच शिक्षा क्षेत्रों का चुनाव सौहार्द पूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ,जहां गड़वार, सोहांव और मनियर में अध्यक्ष और मंत्री दोनों ही पदों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ वहीं बेरुआरबारी ब्लाक में मंत्री का निर्वाचन निर्विरोध हुआ जबकि अध्यक्ष का निर्वाचन मतों से हुआ वहीं नवानगर में केवल एक पद अध्यक्ष का निर्वाचन मतदान से हुआ। गड़वार से अनिल पाण्डेय-अध्यक्ष और टुनटुन प्रसाद मंत्री,सोहांव से तुषार कान्त राय-अध्यक्ष,पारस नाथ चक्रवर्ती-मंत्री,मनियर से अजय सिंह-अध्यक्ष,सतीश चन्द वर्मा- मंत्री ,बेरुआरबारी से संजय दुबे मंत्री (निर्विरोध)तो जितेन्द्र प्रताप सिंह मतदान से अध्यक्ष चुने गये,वहीं नवानगर ब्लाक में केवल एक पद अध्यक्ष का निर्वाचन मतदान से हुआ जिसमें सुशील कुमार अध्यक्ष निर्वाचित हुए।जहां सोहांव के मंत्री के रुप में पारस नाथ चक्रवर्ती का पहली बार मंत्री बने वहीं सभी ने दूसरी बार ब्लाक का नेतृत्व सम्भाला तो वही बेरुआरबारी के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह और मंत्री संजय दुबे ने अपना हैट्रिक लगाया। बेरुआरबारी शिक्षा क्षेत्र से द्वितीय स्थान पर रहे अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनायक शरण सिंह ने अपने सम्बोधन में कहाकि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ में उनकी पूरी आस्था है और हमेशा रहेगी तथा उनको मत देने वाले सभी 54 भी प्राथमिक शिक्षक संघ के सभी कार्यक्रमों में पूरी निष्ठा व तनमयता से हिस्सा लेंगे और बेरुआरबारी शिक्षक संघ के साथ हमेशा रहेंगे। सभी शिक्षा क्षेत्रों के लिए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जनपदीय इकाईं द्वारा चुनाव अधिकारी और प्रेक्षक की नियुक्ति की ग ई थी जिन्होने कुशलता पूर्वक चुनाव का सम्पादन किया वहीं जिलाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, मंत्री डा० राजेश पाण्डेय और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय मिश्र सभी क्षेत्रों के चुनाव पर नजर रखे हुए थे और निर्वाचन की घोषणा के बाद उन क्षेत्रों में बधाई देने पहुंचे।प्राथमिक शिक्षक संघ प्रथम चरण का निर्वाचन सकुशल सम्पन्न होने पर जिलाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह ने अपने शिक्षकों को बधाई दिया है वही विश्वास व्यक्त किया है कि दूसरे,तीसरे और चतुर्थ चरण का मतदान भी ऐसे ही सौहार्द पूर्ण माहौल में और निर्विरोध होगा।