: गणतंत्र दिवस पर जिलाधिकारी ने किया कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण और परिवहन मंत्री ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित
Admin
Sun, Jan 26, 2025
बलिया। 76वें गणतन्त्र दिवस के अवसर पर जनपद के सरकारी भवनों पर झण्डारोहण किया गया तथा जनपद के शिक्षण संस्थानों में भी झण्डारोहण के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर गणतन्त्र दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया।
जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने 76वें गणतंत्र दिवस पर कलेक्ट्रेट प्रांगण में झण्डारोहण किया तथा कलेक्ट्रेट के अधिकारियों/कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलायी।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना, संविधान का सार है। संविधान बनाने का क्या उद्देश्य है, इसका उल्लेख प्रस्तावना में किया गया है। प्रस्तावना में उल्लिखित एक-एक शब्द बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हम सभी लोगों को धर्म, सम्प्रदाय एवं जाति से ऊपर उठकर अपने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। संविधान प्रत्येक व्यक्ति को अवसर की समानता उपलब्ध कराता है। हमारा देश, एक लोक कल्याणकारी देश हैं। समाज के रूप में हमारा दायित्व है कि हम, जो आर्थिक दृष्टि से सक्षम नहीं है, गरीब हैं, उनके कल्याण के लिए कार्य करें।
अपर जिलाधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. राम विचार पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार गुप्ता सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
परिवहन मंत्री ने गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की ली सलामी ली और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. रामविचार पाण्डेय को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।इसके साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी अंगवस्त्र भेंटकर कर सम्मानित किया।
परिवहन मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन हम सबके लिए गौरव का दिन है। आज के दिन ही 26 जनवरी 1950 को देश का संविधान लागू हुआ था। देश को आजाद कराने के लिए अनेक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं क्रांतिकारियों ने कुर्बानी दी। आजादी के बाद से देश ने सभी क्षेत्रों में विकास के अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश सभी क्षेत्रों में विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। विदेशों में देश का नाम ऊंचा हुआ है। यह भारतीय संविधान की ही देन है कि देश आज तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है।
परिवहन मंत्री जी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। प्रदेश में अनेक एक्सप्रेस-वे एवं फोर-लेन सड़कों के निर्माण के साथ ही एयरपोर्ट आदि का निर्माण का हुआ है तथा अनेक सड़कों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में सुदृढ़ कानून व्यवस्था है। देश के हर कोने में उत्तर प्रदेश पुलिस की मिसाल दी जाती है।
परिवहन मंत्री जी ने कहा कि जनपद बलिया में भी अनेक विकास के कार्य किए गए हैं/ किए जा रहे हैं। महाकुंभ प्रयागराज में आयोजित कैबिनेट बैठक में माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा बलिया में राजकीय मेडिकल कॉलेज बनाने का निर्णय लिया गया है, शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा। जनपद में ग्रीनफील्ड निर्माणाधीन हैं। फोरलेन सड़कों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। बलिया को चारों तरफ से फोर लेन सड़कों से जोड़ा जा रहा है। भृगु कॉरिडोर का जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बलिया में जो विकास कार्य वर्षों से नहीं हुआ, उन विकास कार्यों को विगत 7-8 वर्षों में किया गया है तथा आगे भी अनेक विकास के कार्य कराए जाएंगे।
विज्ञापन
