प्रीपेड स्मार्ट मीटर होंगे पोस्ट पेड, जिलाधिकारी ने जारी किए निर्देश : पहले पैसा जमा करके बिजली का प्रयोग किए जाने वाले स्मार्ट मीटर अब होंगे पहले बिजली जलाएं फिर बिल जमा करने वाले मीटर मेंDM
*उपभोक्ताओं को इसके लिए कुछ नहीं करना होगा,ये कार्य स्वत:होंगे*
बलिया। जिले में संचालित प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को अब पोस्टपेड मोड में बदला जाएगा। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए बताया कि वर्तमान में प्रीपेड मोड में कार्यरत सभी स्मार्ट मीटरों को तत्काल प्रभाव से पोस्टपेड प्रणाली में परिवर्तित किया जाएगा। डीएम ने बताया कि यह परिवर्तन मुख्यालय स्तर से बैकएंड प्रक्रिया के माध्यम से स्वतः किया जाएगा, जिसके लिए उपभोक्ताओं को अलग से कोई आवेदन या प्रक्रिया पूरी करने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मई 2026 की विद्युत खपत का बिल जून 2026 में पोस्टपेड प्रणाली के अंतर्गत जारी किया जाएगा। साथ ही अब सभी नए बिजली कनेक्शन भी पोस्टपेड मोड में ही जारी किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पोस्टपेड से प्रीपेड मोड में परिवर्तन के दौरान उपभोक्ताओं की जमा सुरक्षा धनराशि, जिसे पूर्व में बिलों में समायोजित किया गया था, उसकी वसूली जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 के मासिक बिलों में समान किस्तों में जोड़कर की जाएगी। यह प्रक्रिया भी मुख्यालय स्तर से बैकएंड के माध्यम से स्वतः पूरी की जाएगी। इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को बिल भुगतान में सुविधा मिलेगी तथा बिजली बिलिंग प्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी।
विज्ञापन
