: निर्माण कम्पनियों के काम-काज पर सांसद के गम्भीर सवाल,लखनऊ स्थित आवास पर एक लाख रुपये के पैकेट के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद बलिया सांसद का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू
Admin
Tue, Mar 11, 2025
बलिया। 11 मार्च। (डी एन एन) भ्रष्टाचार के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने खुलासा किया है कि कथित तौर पर भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों द्वारा कुत्सित प्रयास किया जा रहा है कि मुझे मैनेज कर लिया जाए, लेकिन ऐसा प्रयास करने वाले लोगों को यह नहीं पता कि यह सांसद मैनेज होने वाला नहीं है।’
समाचार एजेंसी डीएनएन से बातचीत करते हुए बलिया संसदीय क्षेत्र से सांसद श्री पांडेय ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि ‘सरकार की सरपरस्ती में उन्हें बदनाम करने एवं फंसाने की कोशिश की जा रही है। जिसका जीता जागता उदाहरण लखनऊ स्थित उनके आवास पर कल (10मार्च) शाम को 5ः20 बजे घटित घटना है। जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर एनकेसी कंपनी का प्रतिनिधि बनकर उन्हें एक संदिग्ध पैकेट देने का प्रयास किया गया। मैंने तत्काल एक्शन लेते हुए उस संदिग्ध व्यक्ति एवं पैकेट को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की जांच में पता चला कि उस पैकेट में एक लाख रुपए रखे हुए थे।’
अपने संसदीय क्षेत्र में चल रही सड़क निर्माण परियोजनाओं पर टिप्पणी करते हुए सांसद ने कहा कि, इस काम में लगी कंपनियों की गाड़ियां बगैर कम्पनी का लोगो (चिन्ह) लगाए सड़कों पर धड़ल्ले से दौड़ रहीं हैं। इन कंपनियों के कामकाज से एक तरफ जहां किसान परेशान हैं, वहीं बढ़ते धूल प्रदूषण ने इलाके का बुरा हाल कर रखा है।’
कार्यदायी कंपनियों द्वारा बड़े पैमाने पर मिट्टी का दोहन किए जाने का आरोप लगाते हुए सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि ‘यह सब किसकी सह पर हो रहा है कि बजाय तीन फीट के आठ-आठ फीट मिट्टी निकाली जा रही है। कार्यदायी कंपनियों के ओवरलोड ट्रकों ने इलाके की सड़कों का बुरा हाल कर रखा है। मिट्टी लदे बड़े-बड़े ट्रक बगैर ढके चलते हैं। जिससे उड़ने वाली धूल इलाके की फसलों को नुकसान पहुंचा रही है। मैंने इस संदर्भ में बलिया एवं गाजीपुर के परिवहन अधिकारियों को सूचित किया, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। बावजूद इसके में अपने संसदीय क्षेत्र के सम्मानित जनता की आवाज बनकर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवाज बुलंद करता रहूंगा। सत्ता पक्ष के लोग मुझे मैनेज करने के बारे में न सोचें, मैं मैनेज होने वाला सांसद नहीं हूं।’
निर्माण कंपनियों के कामकाज पर सांसद के गंभीर सवाल
---------------------------------------
बलिया । 11 मार्च। (डी एन एन) बलिया संसदीय क्षेत्र से सांसद सनातन पांडेय ने बलिया जनपद में चल रही सड़क निर्माण परियोजना के कामकाज पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया है कि, बलिया एवं गाजीपुर जनपद में बड़े पैमाने पर मिट्टी की कटाई की जा रही है। जिसका आने वाले समय में इलाके की खेती एवं बाढ़ रोधी कार्यों पर गंभीर प्रभाव पड़ने वाला है।
नेशनल हाइवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के परियोजना प्रबंधक, आजमगढ़ एस.पी. पाठक ने बताया कि, बलिया जनपद में कुल चार कार्यदायी कंपनियां कार्यरत हैं। जिनके नाम रवि इंफ्रा (पैकेट 1, पैकेट 2), एनकेसी, एवं बाबा कंपनी के नाम शामिल हैं।’
विज्ञापन
