: उत्तर प्रदेश शासन के बेमिसाल आठ साल,मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में सुशासन,विकास,उन्नति,सम्वृद्धि और विश्वास का प्रदेश उत्तर प्रदेश:दानिस आजाद अंसारी
Admin
Fri, Mar 28, 2025
बलिया। 27 मार्च। (डी एन एन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 8 वर्षों में विकास के अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के सभी वर्गों को बिना किसी भेदभाव के लाभान्वित किया जा रहा है। आज उत्तर प्रदेश, विकास, उन्नति, समृद्धि और विश्वास का प्रदेश दिखता हैं। उत्तर प्रदेश, आज उद्योग का प्रदेश है। उत्तर प्रदेश, रोजगार का प्रदेश है। उत्तर प्रदेश सुदृढ़ कानून व्यवस्था का प्रदेश है। अपराधी उत्तर प्रदेश छोड़कर बाहर जाने पर मजबूर है। उत्तर प्रदेश को एक सुरक्षित माहौल देने का कार्य किया गया है।
अल्पसंख्यक कल्याण,मुस्लिम वक्फ व हज मामलों के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने उक्त आशय के विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बलिया का विकास हो रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य कराया गया। ग्रीनफील्ड हाई-वे का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। जनपद में मेडिकल कॉलेज का निर्माण प्रक्रिया में है। जनपद में महाविद्यालय, सड़कों व अस्पतालों का निर्माण कार्य कराया गया है। सरकार ईमानदारी से सभी क्षेत्रों में विकास का कार्य कर रही है।
श्री अंसारी आज यहां विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को सामग्रियों का वितरण करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। योगी सरकार की ‘सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति’ के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित त्रिदिवसीय कार्यक्रम के तीसरे दिन विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं प्रतीकात्मक चेक वितरित हुए। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित गंगा बहुद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने मोदी एवं योगी सरकार के द्वारा संचालित योजनाओं से उपस्थित जन समुदाय को अवगत कराया। बलिया राज्य मंत्री अंसारी का गृह जनपद है।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, वरिष्ठ महिला नेत्री एवं नगर अध्यक्ष सोनी तिवारी, जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, नगर पालिका के अध्यक्ष संत कुमार, भाजपा मंडल मंत्री सरिता सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित रहे।
विज्ञापन
