नगरा में "मुख्यमंत्री माडल कम्पोजिट विद्यालय" का निर्माण कार्यमें तेजी : बलिया के CDO द्वारा ब्लाक नगरा के ग्राम तुर्की में बन रहे निर्माण कार्य का किया गया निरीक्षण,प्रमुख कार्य जाने
बलिया। मुख्य विकास अधिकारी बलिया द्वारा उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद अंतर्गत विकास खण्ड-नगरा के ग्राम- तुर्की में बन रहे मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को यू०पी० प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड (निर्माण इकाई-१९, आजमगढ़) द्वारा तैयार किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में विश्वस्तरीय शैक्षिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना है।
उक्त के अन्तर्गत वर्तमान में चल रहे प्रमुख कार्य इस प्रकार हैं:
मुख्य भवन: मुख्य विद्यालय भवन (भूतल एवं प्रथम तल) का चिनाई कार्य पूर्ण हो चुका है और दूसरे तल पर चिनाई के साथ-साथ प्लास्टर व पुट्टी का कार्य प्रगति पर है।
मिड-डे मील व हॉल: मिड-डे मील भवन के भूतल व प्रथम तल का प्लास्टर कार्य और मल्टीपरपज हॉल का प्लास्टर कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।
आवासीय परिसर: स्टाफ रेजिडेंस, डॉरमेट्री और प्रधानाचार्य/उप-प्रधानाचार्य आवास का सुपरस्ट्रक्चर व स्लैब कास्टिंग का कार्य तेजी से चल रहा है।
कैंपस में मिलने वाली आधुनिक सुविधाएं और क्षमता इस प्रकार है:-
यह अत्याधुनिक परिसर सर्वसुविधायुक्त होगा, जिसमें मुख्य रूप से 30 आधुनिक क्लासरूम (कक्षाएं) और 1 बालवाटिका बनाई जा रही है। बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा देने के लिए यहाँ लगभग 100 शिक्षक (टीचर्स) तैनात रहेंगे।
मुख्य विद्यालय भवन (G+2), मिड-डे मील भवन, डॉरमेट्री भवन और गार्ड रूम।
3461.50 वर्ग मीटर में इंटरलॉकिंग/पेवर ब्लॉक, 1139 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल, आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम, 24 घंटे बिजली बैकअप के लिए 200 KVA डी.जी. सेट, सोलर सिस्टम और सुरक्षा के लिए सी०सी०टीवी कैमरा सेटअप।
इसके साथ ही, परिसर के पास की शेष खाली भूमि पर एक नवीन राजकीय इंटर कॉलेज और खेल-कूद को बढ़ावा देने के लिए मिनी स्टेडियम भी प्रस्तावित है। कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय-सीमा (सितंबर 2026) के भीतर पूरी गुणवत्ता और मानकों के साथ इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान पायी गई कमियां एवं कड़े निर्देश:
मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज द्वारा निर्माण कार्य का जायजा लिया गया, जिसमें मौके पर कुछ खामियां पाई गईं और संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार को कड़े निर्देश दिए गए:
लेबर की कमी और लापरवाही पर फटकार: मौके पर उम्मीद से कम लेबर (मजदूर) काम करते हुए पाए गए। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए ठेकेदार को तुरंत लेबर की संख्या बढ़ाने और इस अत्यंत महत्वपूर्ण सरकारी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए गए।
तकनीकी खामी को दुरुस्त करने के आदेश: निरीक्षण के दौरान सीवर पाइप टेढ़ी लगी हुई पाई गई, जिसे गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार को इसे तुरंत उखाड़कर सही तरीके से दोबारा लगाने को कहा गया है।
इस निरीक्षण में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
